झारखंड में बारिश होने का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 17 सितंबर विश्वकर्मा पूजा तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। राज्य में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
.
वहीं, 12, 13 और 14 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
देवघर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 15 सितंबर को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड़डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश की संभावना है।
इस दौरान तेज हवा भी चल सकती है और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 15 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

गुरुवार की शाम जमशेदपुर में हुई झमाझम बारिश।
इधर, रांची में गुरुवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। बादलों की आवाजाही सुबह से ही शुरू हो गई थी। कभी धूप निकलती, तो कुछ ही देर में बादल आ जाते और फिर धूप निकल जाती।
हालांकि, दोपहर बाद आसमान पर पूरी तरह बादलों का कब्जा हो गया। बिजली चमकने लगी और बादल गरजने लगे। इसके बाद तेज बारिश हुई। जमशेदपुर में भी कुछ ऐसा ही नजारा रहा।

लातेहार में लगातार बारिश से छाई हरियाली।
पिछले 24 घंटे में ढालभूमगढ़ हुई सर्वाधिक बारिश
राज्य में मानसून सामान्य रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश 58.4 एमएम ढालभूमगढ़ (पूर्वी सिंघभूम) में दर्ज की गई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज की गई।
